गन्नौर । हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर स्थित भिगान टोल प्लाजा पर देर रात दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया। टोल शुल्क मांगने पर चार एसयूवी में सवार 10 से 12 युवकों ने टोल कर्मचारियों पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की।
घटना के दौरान टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सोनीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें आरोपी युवकों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, टोल मांगने पर पहले युवकों ने कर्मचारियों से गाली-गलौच की, इसके बाद अचानक हमला बोल दिया। आरोपी कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आए। मारपीट के बाद युवक बिना टोल दिए मौके से फरार हो गए।
टोल प्लाजा मैनेजर आनंद ने बताया कि देर रात एक वाहन टोल पर पहुंचा था। जब कर्मचारी ने टोल शुल्क मांगा तो पीछे खड़ी तीन अन्य गाड़ियों से युवक उतर आए और बूम बैरियर हटाकर जबरन वाहन निकालने का प्रयास करने लगे। कर्मचारियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी गई है।