बिलासपुर, सुभाष-:झंडूता क्षेत्र में एक पॉलिटेक्निक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय गौरव पुत्र सुभाष चंद, निवासी गांव व डाकघर कच्छेहरा, तहसील जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। गौरव पॉलिटेक्निक कॉलेज कलोल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर का छात्र था और कलोल में किराए के कमरे में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, सुभाष चंद ने थाना में सूचना दी कि उसका किराए का छात्र गौरव अपने कमरे में मृत पाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुला पाया और गौरव का शव पंखे के कुंडे से चादर के फंदे पर लटका हुआ मिला। शव के नीचे प्लास्टिक की कुर्सी रखी थी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।
मकान मालिक, गवाहों और परिजनों से पूछताछ के दौरान किसी ने भी हत्या या संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं की। परिजन मानते हैं कि मानसिक तनाव के कारण छात्र ने यह कदम उठाया हो सकता है। कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं भेज दिया है और प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की कानूनी कार्रवाई और कारणों की जांच जारी है।