शहजादपुर | शहजादपुर के नया बस स्टैंड के पास अवैध शराब बेचने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अंडे की दुकान की आड़ में दुकानदार और उसका बेटा शातिर तरीके से देसी शराब बेच रहे थे। आरोपी लेमन जीरा, कोका-कोला और स्लाइस जैसी कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलों में देसी शराब भरकर ग्राहकों को सप्लाई करते थे, ताकि किसी को शक न हो और पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद शहजादपुर थाना पुलिस ने प्राइम स्टेप प्राइवेट स्कूल के पास स्थित दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी दुकानदार सीताराम पुलिस से बहस करने लगा, जबकि उसका बेटा दीपक प्लास्टिक का थैला लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए दीपक को मौके पर ही पकड़ लिया।
थाना प्रभारी अशोक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पास के देसी शराब ठेके से सस्ती शराब खरीदते थे और फिर उसे अलग-अलग सॉफ्ट ड्रिंक की खाली बोतलों में भरकर बेचते थे। ग्राहकों की मांग के अनुसार 160 एमएल से लेकर 2 लीटर तक की मात्रा में शराब बेची जाती थी। कीमतें मात्रा के हिसाब से 20 रुपये से लेकर 200 रुपये या उससे अधिक तक तय की गई थीं।
पुलिस ने मौके से माल्टा और फौजी नंबर वन ब्रांड की शराब की बोतलें, अधे-पव्वे और बड़ी संख्या में लेमन जीरा, कोका-कोला व स्लाइस की बोतलें बरामद की हैं, जिनमें शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब के सैंपल लेकर उन्हें सील कर दिया है।
शहजादपुर थाना पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन शामिल था तथा शराब की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।