रेवाड़ी। खाटू श्याम मंदिर में लगने वाले वार्षिक फाल्गुनी श्याम मेले को लेकर हरियाणा के श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने हरियाणा से राजस्थान के रींगस के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इससे रेवाड़ी, नारनौल, अटेली सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 09633 रेवाड़ी–रींगस एक्सप्रेस स्पेशल का संचालन 20 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक कुल 9 ट्रिप किया जाएगा। यह ट्रेन रेवाड़ी से रात 10:50 बजे रवाना होकर रात 1:45 बजे रींगस पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 09634 रींगस–रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल 21 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक 9 ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन रींगस से रात 2:05 बजे प्रस्थान कर सुबह 5:10 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव अटेली, नारनौल, डाबला, नीम का थाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रहेगा। रेलवे ने अधिक यात्रियों को सुविधा देने के लिए इस सेवा में 16 डिब्बों वाला डेमू रैक लगाया है।
इसके अलावा रेलवे ने दिन में चलने वाली एक और ट्रेन की सुविधा भी शुरू की है। गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी–रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 20 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से सुबह 11:00 बजे चलकर दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09638 रींगस–रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल रींगस से दोपहर 2:55 बजे रवाना होकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
इस दिनकालीन ट्रेन का ठहराव कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीम का थाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रहेगा। इस ट्रेन में कुल 10 डिब्बे लगाए गए हैं।
रेलवे विभाग के मुताबिक, इन विशेष ट्रेनों के संचालन से हरियाणा से खाटू श्याम मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सहूलियत मिलेगी और भीड़भाड़ के बीच सुरक्षित व आसान आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा।