कैथल। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कैथल स्थित अपने निवास पर प्रेसवार्ता कर हरियाणा की नायब सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मौजूदा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहा है और अफसरशाही पूरी तरह हावी हो चुकी है, जिससे आम जनता की सुनवाई नहीं हो पा रही।
रामपाल माजरा ने कहा कि प्रदेश में आए दिन घोटालों की खबरें सामने आ रही हैं, जबकि सरकार जनता को मिलने वाली मूलभूत सुविधाएं भी जमीन स्तर पर उपलब्ध कराने में विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही कई योजनाओं के बजट में कटौती की गई है और कुछ योजनाओं को बंद करने का काम सरकार कर रही है।
प्रेसवार्ता में माजरा ने बुढ़ापा पेंशन में कटौती, लाडो लक्ष्मी योजना, बढ़ती बेरोजगारी और प्रदेश में बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन काटना सरकार की नीतियों का ताजा उदाहरण है, जिससे प्रदेश के बुजुर्गों को बड़ा झटका लगा है।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने ऐलान किया कि आगामी 20 फरवरी को इनेलो प्रदेश की जनता के साथ मिलकर पंचकूला में नायब सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है, क्योंकि सत्ता में आने से पहले किए गए वादों को पूरा करने के बजाय सरकार अब पुरानी योजनाओं को भी बंद कर रही है।