राहुल चावला , धर्मशाला , धर्मशाला में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार सवा तीन साल में प्रदेश को आर्थिक रूप से कमजोर कर चुकी है। सरकार अपनी नाकामियों का दोष विपक्ष पर मढ़ने का प्रयास कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा जनता को गुमराह किया जा रहा है। 2022 के विधानसभा चुनावों में की गई 1500 रुपये प्रतिमाह महिलाओं को देने, एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने जैसी घोषणाएं आज तक पूरी नहीं हुईं। 300 यूनिट मुफ्त बिजली और अन्य वादे भी केवल जुमले साबित हुए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल के विकास के लिए लगातार सहायता दे रही है। सड़कों, फोरलेन, रेलवे विस्तार और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में मोदी सरकार के कार्यकाल में हिमाचल को अभूतपूर्व लाभ मिला है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश में विकास ठप है। स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों पर ताले लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को हिमाचल के इतिहास में “तालाबंदी सरकार” के रूप में याद किया जाएगा।