अमृतसर। पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने देर रात एक बड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा करते हुए भारतीय सेना की गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान हरपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत के आदेश पर पुलिस रिमांड पर ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरपाल सिंह पिछले करीब एक साल से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था और लगातार भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था। खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एक गोपनीय अभियान चलाकर उसे हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक सीडी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जांच के दौरान मोबाइल की स्कैनिंग में पाकिस्तान से जुड़े कई संदिग्ध नंबर भी सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ और तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अजनाला सेक्टर का रहने वाला है और पेशे से किसान बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी को किन माध्यमों से सूचनाएं भेजी जा रही थीं और इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।