रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में मंगलवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर गढ़ी क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से जा रही थी, इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) सोनल गुप्ता ने बताया कि गैरतगंज तहसील के आदिवासी गांव भिलाड़िया से आदिवासी समाज के करीब 32 लोग एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। यात्रा के दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को गैरतगंज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में अयोध्या बाई (60) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और वाहन चालक से भी पूछताछ की जा रही है।