शिमला, 19 फरवरी-:हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ सरकार के विशेष अभियान के तहत शिमला ग्रामीण क्षेत्र के सुन्नी में एंटी-चिट्टा महारैली का आयोजन किया गया। इस रैली में कॉलेज, आईटीआई और स्कूलों के सैकड़ों छात्रों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नाटी कलाकार कुलदीप शर्मा ने भी प्रस्तुति देकर लोगों को जागरूक किया।
सुन्नी बस स्टैंड से कॉलेज ग्राउंड तक निकाली गई इस रैली के माध्यम से लोगों को चिट्टा जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चिट्टा के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ा है और कानून को और अधिक सख्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 5 ग्राम तक चिट्टा मिलने पर भी अपराध को गैर-जमानती बनाया गया है। यदि और संशोधन की आवश्यकता हुई तो केंद्र सरकार और लोकसभा स्तर पर भी मामला उठाया जाएगा।
बाइट: विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण मंत्री
इस दौरान आरजीडी ग्रांट को लेकर नेता प्रतिपक्ष के आरोपों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश हित में एकजुट होना चाहिए। मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री के समक्ष संयुक्त रूप से मुद्दा उठाने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन विपक्ष का सहयोग न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समक्ष भी यह विषय रखा जाएगा ताकि वे इसे लोकसभा में उठा सकें। वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर बयान बदलने का आरोप भी लगाया।