अमृतसर | शहर के लगभग एक दर्जन प्रतिष्ठित और प्रसिद्ध स्कूलों को आज सुबह धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में न केवल इन स्कूलों को बल्कि अमृतसर–दिल्ली के मार्ग पर चलने वाली शताबदी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी।
धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। सभी स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिस की मौजूदगी में स्कूलों की गहन तलाशी की गई, लेकिन अब तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है।
सूत्रों के अनुसार, सभी स्कूलों को एक ही तरह का ईमेल प्राप्त हुआ है, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस अब इस धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में लगी हुई है। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने आम जनता से भी आग्रह किया है कि वे किसी भी संदिग्ध सूचना या वस्तु को तुरंत अधिकारियों को सूचित करें।