लुधियाना | लुधियाना के सोबती अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब अस्पताल के एक पूर्व ड्राइवर ने ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारी से हजारों रुपये की नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पहले इसी अस्पताल में ड्राइवर के तौर पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि किसी कारणवश डॉक्टर द्वारा उसे नौकरी से हटा दिया गया था। नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर बदले की भावना या लालच में आकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
पीड़ित महिला कर्मचारी आंचल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अस्पताल में अपनी ड्यूटी के दौरान कैश की गिनती कर रही थी। उसी दौरान गुरप्रीत सिंह अचानक वहां पहुंचा और मौका देखकर उसके हाथ से 33,500 रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला कर्मचारी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
वारदात के बाद महिला कर्मचारी ने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।