अंबाला | साइबर थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट और फर्जी नोटिस का डर दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के तीसरे आरोपी को पकड़ते हुए उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुध राज के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जोधपुर जिले के कापहेड़ा गांव का रहने वाला है। मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि इस संबंध में गांव पिलखनी निवासी अजीत सिंह ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत में बताया गया कि ठगों ने खुद को किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर संपर्क किया और डिजिटल अरेस्ट तथा फर्जी नोटिस का भय दिखाकर उन्हें मानसिक रूप से दबाव में डाल दिया। ठगों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने उनके बताए बैंक खातों में कुल 12 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जांच के दौरान साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी बुध राज ने एक महिला के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसे सक्रिय कराया और बाद में इस खाते को साइबर अपराधियों को बेच दिया। इसी खाते के माध्यम से ठगी की राशि प्राप्त की गई थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में पहले ही दिल्ली निवासी एक भाई और बहन को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके मुख्य सरगना की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।