पलवल, 15 मार्च -:हरियाणा के पलवल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे 19 पर आल्हापुर गांव के पास ऑटो और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह के समय उस वक्त हुई जब एक ऑटो सवारियां लेकर बल्लभगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक टाटा पंच कार ने आल्हापुर गांव के समीप ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर पलट गया।बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग कोकिलावान धाम से शनि देव के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। वहीं ऑटो में कई यात्री सवार थे जो बल्लभगढ़ की तरफ जा रहे थे। अचानक हुई इस टक्कर से ऑटो में बैठी सवारियां उसके अंदर ही फंस गईं।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हालांकि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सात अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया है। वहीं घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।