मंडी, धर्मवीर -: वन मंडल मंडी के तहत आने वाली कोटली रेंज के सरध्वार गांव में पिछले कल एक मादा तेंदुआ पानी के बनाए हुए टैंक में गिर गई। पानी के टैंक के धरातल पर वह बूरी तरह से फंस गई। स्थानीय लोगों को जब इस बात का पता लगा तो उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दी। डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने वन विभाग और वन्यजीव की टीमों को तुरंत मौके पर भेजकर कार्रवाई करने को कहा। इस रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व वन खंड अधिकारी राकेश जमवाल ने किया।
सुंदरनगर से आई वन्यजीव की टीम में पशु चिकित्सक डॉ. विपिन और अन्य लोग शामिल रहे। डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर जाकर सबसे पहले स्थिति को नियंत्रित किया गया और उसके बाद एक्सपर्ट व स्थानीय लोगों की मदद से जाल के माध्यम से तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया गया। उन्होंने बताया कि यह एक मादा तेंदुआ थी जिसकी उम्र 3 से 5 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही थी। मेडिकल जांच में यह मादा तेंदुआ पूरी तरह से स्वस्थ पाई गई और इसके शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे। मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों के निर्देशानुसार इसे वापिस जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने इस सफल रेस्क्यू के लिए वन विभाग और वन्यजीव की समस्त टीमों सहित स्थानीय लोगों का आभार जताते हुए स्थानीय लोगों से वन्यजीवों को लेकर सचेत रहने की अपील की है।