Summer express, चंडीगढ़ | हरियाणा के राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बीच चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया है।
सेतिया का कहना है कि चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से हटकर मतदान करने वाले विधायकों और जिनके वोट रद्द हुए हैं, उनके नाम सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर कई भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं, जिनमें उनका नाम भी जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
इससे पहले गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर भी पार्टी नेतृत्व से इस मुद्दे पर स्पष्टता की मांग की थी। उन्होंने ऐलान किया था कि यदि नाम उजागर नहीं किए गए, तो वे चंडीगढ़ में धरना देंगे और अन्य विधायकों से भी इसमें शामिल होने की अपील करेंगे।
धरने के दौरान उन्होंने कहा कि क्रॉस वोटिंग और वोट रद्द होना दोनों ही पार्टी के साथ विश्वासघात के समान हैं। ऐसे में जिन विधायकों ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।
सेतिया ने यह भी स्पष्ट किया कि एक विधायक होने के नाते उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखना जरूरी है और इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई से ही संगठन मजबूत होगा।
हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ उनकी मुलाकात को लेकर भी चर्चाएं रही हैं। इस पर सेतिया ने सफाई देते हुए कहा कि ये केवल व्यक्तिगत और शिष्टाचार भेंट थीं, जिनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है।