Summer express /अम्बाला -:अंबाला में हरियाणा रोडवेज के जीएम अश्वनी डोगरा ने आज अंबाला छावनी बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान बस अड्डे पर कई कमियां सामने आईं, जिन पर उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए बस स्टैंड इंचार्ज को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जीएम ने साफ कहा कि यात्रियों की सुविधा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ-सफाई, टिकट व्यवस्था, समयबद्ध संचालन और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इस मौके पर जीएम अश्वनी डोगरा ने राज्य सरकार की ‘हैप्पी कार्ड’ योजना के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंबाला जिले के लिए करीब 23,000 हैप्पी कार्ड तैयार किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालभर में 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बड़ी राहत साबित होगी और उन्हें रोजमर्रा के सफर में काफी सहूलियत देगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ पात्र लोगों तक सही तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।