Summer express,शाहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में लापता 35 वर्षीय महिला शीर्षा चौधरी का शव उसके घर के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के लापता होने की शिकायत उसके स्वजनों ने पहले ही शाहपुर थाना में दर्ज करवाई थी।
जानकारी के अनुसार, शीर्षा चौधरी, निवासी लाहेड़ (डाकघर अनसुई), कुछ समय से लापता थीं। उनका शव घर के नजदीक बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते यह संदिग्ध स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में औपचारिकताएं पूरी कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है और परिजनों के आरोपों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।