Summer express, यमुनानगर | यमुनानगर में विदेश भेजने का झांसा देकर एक युवक से करीब चार लाख रुपये ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने न्यूजीलैंड भेजने का वादा किया था, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद न तो वीजा लगा और न ही युवक को विदेश भेजा गया। रुपये वापस मांगने पर पीड़ित को धमकी दी गई। मामले में छछरौली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव हडौली निवासी इशांत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान एक जानकार के माध्यम से उसकी मुलाकात सुनील नाम के व्यक्ति से हुई। आरोप है कि सुनील ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए भरोसा दिलाया और अपने साथियों विजय, आकाश, प्रिंस कुमार और पारस के साथ मिलकर उसे न्यूजीलैंड भेजने का आश्वासन दिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने विदेश भेजने के लिए कुल पांच लाख रुपये खर्च बताया। इसके बाद पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में दस्तावेज और करीब चार लाख रुपये ले लिए गए। हालांकि, काफी समय गुजर जाने के बाद भी न तो वीजा प्रक्रिया पूरी हुई और न ही उसे विदेश भेजा गया।
जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।