Summer express,फरीदाबाद | फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित एकता विहार में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक जयपुर का रहने वाला था और अपनी महिला मित्र से मिलने के लिए चुपके से उसके घर पहुंचा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, युवक मानव अपनी महिला मित्र से मिलने उसके घर पहुंचा था। इस दौरान महिला मित्र की छोटी बहन को इसकी भनक लग गई। आरोप है कि उसने अपने कुछ परिचित युवकों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद आरोपियों ने खुद ही युवक के परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन फरीदाबाद पहुंचे और घायल युवक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक का पोस्टमॉर्टम दिल्ली में कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद युवक के अचानक घर में पहुंचने को लेकर हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।