Summer express,महेंद्रगढ़ | महेंद्रगढ़ में नारनौल रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
मृतक की पहचान नारनौल के नूनी अव्वल निवासी बंटी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बंटी महेंद्रगढ़ शहर में कैंटीन के पास सब्जी की रेहड़ी लगाता था और रोज की तरह काम खत्म करने के बाद रात करीब 11 बजे बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गुलावला बस अड्डे से पहले शनि मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बंटी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता रामअवतार के बयान के आधार पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान करने के प्रयास कर रही है।