मंडी , धर्मवीर -: पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का कहना है हिम केयर के तहत आईजीएमसी में भाजपा सरकार के समय लगभग 60 करोड़ का भुगतान किया गया है। वहाँ भी सुक्खू जी 120 करोड़ का घोटाला निकाल लाए हैं। यह सरकार हिम केयर को बंद करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। यह बातें आज नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी के बाली चौकी में प्रदेश कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कही।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले विधान सभा में कहा कि हिम केयर में 1100 करोड़ का घोटाला हुआ है। जब हमने आंकड़े रखे कि पूर्व भाजपा सरकार में कुल इलाज ही 441 करोड़ का हुआ है। तब मुख्यमंत्री को लगा कि उनका झूठ बेनकाब हो गया, तो सीएम ने कहा कि हमसे गलती हो गई। एक संस्थान का मामला है और 120 करोड़ का घोटाला हुआ है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सवाल यह है कि जब यह तय हो गया कि पूर्व में रही उनकी सरकार के समय आईजीएमसी में हिम केयर के तहत लगभग 60 करोड़ का ही भुगतान हुआ है तो वह 120 करोड़ का घोटाला कहाँ से लाए हैं। अब सीएम जनता के आगे क्या झूठ बोलते हैं यही देखना बाकी है।