Summer Express, अंबाला | अंबाला के 12 क्रॉस रोड स्थित बकरा मार्केट के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट की कोशिश कर सनसनी फैला दी। 3 से 4 नकाबपोश युवकों ने एक राहगीर को घेरकर उसकी एक्टिवा छीनने का प्रयास किया।
पीड़ित युवक ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही लहूलुहान हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास धारदार हथियार भी थे। शोर सुनकर जब आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बचाव के लिए पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी धमकाने की कोशिश की और भीड़भाड़ वाले इलाके में खुलेआम वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भारी रोष है। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।