Summer express करनाल | करनाल में आयोजित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और बाद में मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
कर्मबीर बौद्ध ने आरोप लगाया कि देश का संविधान इस समय खतरे में है और धर्म व जाति के नाम पर इसकी मूल भावना को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता को मिले अधिकारों को धीरे-धीरे सीमित किया जा रहा है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नेता बाबा साहेब का सम्मान केवल प्रतीकात्मक रूप से करते हैं, लेकिन उनके विचारों को अपनाने में विफल रहते हैं।
बीजेपी पर दोहरी राजनीति का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बाहर विकास की बातें की जाती हैं, जबकि भीतर समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का काम चल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “हाथी के दांत खाने के और दिखाने के और होते हैं।”
राज्यसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए और कहा कि चुनाव के दौरान धनबल का इस्तेमाल हुआ तथा विधायकों को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद वह जनता के समर्थन से राज्यसभा पहुंचे और वह सभी वर्गों के लिए काम करेंगे।
क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास पर्याप्त विधायक होने के बावजूद अपेक्षित वोट नहीं मिले, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है और संबंधित विधायकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
अपने संबोधन के अंत में कर्मबीर बौद्ध ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का संविधान देश को समानता, न्याय और भाईचारे का मार्ग दिखाता है और इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।