शिमला, 15 अप्रैल : हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य की उत्कृष्ट विभूतियों को वर्ष 2026 के राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस दौरान सिविल सर्विसिस अवॉर्ड, प्रेरणा स्रोत सम्मान और हिमाचल गौरव पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को प्रदान किए गए।सिविल सर्विसिस अवॉर्ड के तहत उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग को संस्थागत श्रेणी में सम्मानित किया गया, जबकि एसडीएम (नागरिक) बल्ह, स्मृतिका नेगी को व्यक्तिगत श्रेणी में पुरस्कृत किया गया।
प्रेरणा स्रोत सम्मान के अंतर्गत जिला शिमला की चारू शर्मा और किन्नौर की छोनजिन ऐंग्मो को व्यक्तिगत श्रेणी में सम्मान मिला। वहीं महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ियों—रितु नेगी, साक्षी शर्मा, पुष्पा, भावना देवी और चंपा ठाकुर—को समूह श्रेणी में सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त चमियाणा अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग को भी इस श्रेणी में सम्मान प्रदान किया गया।
हिमाचल गौरव पुरस्कार के लिए पद्म श्री सम्मानित प्रेम लाल गौतम, डॉ. ओ.पी. शर्मा, डॉ. ब्रिज शर्मा, हरलीन कौर और स्नेहलता को उनके विशिष्ट योगदान के लिए चुना गया। इसके साथ ही जिला स्तर पर पुलिस और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 24 परिवारों को वन अधिकार अधिनियम (FRA) के तहत भूमि के पट्टे वितरित किए। साथ ही हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के 9 लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। यह सहायता विशेष रूप से विधवाओं, निराश्रित और एकल महिलाओं को घर निर्माण हेतु दी जा रही है, जिसके तहत कुल तीन लाख रुपये तक की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाती है।