Summer express, हिसार | शहर के विकास नगर इलाके में एक कबाड़ी के पास से सेना के चार जिंदा 51 एमएम मोर्टार राउंड मिलने से हड़कंप मच गया। संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और बाद में सभी मोर्टार को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आंबेडकर बस्ती निवासी कबाड़ी विजय नायक ने शहर थाना पुलिस को सूचना दी थी कि कबाड़ में उसे संदिग्ध वस्तुएं मिली हैं, जिनमें विस्फोटक होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम विकास नगर स्थित खाली प्लॉट पर पहुंची, जहां यह सामग्री रखी हुई थी।
मौके पर जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ये सेना के चार जिंदा मोर्टार राउंड हैं, जिसके बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिसने सभी मोर्टार को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया।
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जेसीबी की मदद से दो गड्ढे खोदे गए और नियंत्रित प्रक्रिया के तहत चारों मोर्टार राउंड को नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी भी तरह के खतरे को रोकने के लिए पुलिस ने इलाके को घेर लिया था।
फिलहाल शहर थाना पुलिस यह जांच कर रही है कि कबाड़ी के पास ये सेना के मोर्टार कैसे पहुंचे और इनका स्रोत क्या है। पुलिस ने कबाड़ी से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा सकें।