Summer express, चंडीगढ़ | पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं, जिससे राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से करीब 5 डिग्री ऊपर पहुंच गया। बठिंडा और फरीदकोट सबसे गर्म स्थान रहे, जहां तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
रात के तापमान में भी इजाफा हुआ है, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान में करीब 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। गुरदासपुर में सबसे कम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मुख्य शहरों की बात करें तो चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री, लुधियाना और पटियाला में 42.4 डिग्री, अमृतसर में 40.3 डिग्री और मोहाली में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 30 अप्रैल के बीच मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना है। ट्राइसिटी क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक तापमान स्थिर रहने के बाद धीरे-धीरे गिरावट आने के आसार हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में यह बदलाव जहां आम लोगों को राहत देगा, वहीं किसानों के लिए भी अहम रहेगा, खासकर गेहूं की कटाई के समय तेज हवाएं असर डाल सकती हैं।