Summer express, बंगाल | पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भीड़ हिंसा की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां गाय चोरी के संदेह में दो लोगों को बेरहमी से पीटा गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शहर के एकटियाशाल इलाके में शनिवार तड़के हुई। स्थानीय लोगों को देर रात गाय चोरी की आशंका हुई, जिसके बाद कुछ संदिग्धों को पकड़ लिया गया। आरोप है कि भीड़ ने दोनों को बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पिटाई की। दोनों के अचेत होने के बाद ही लोग मौके से हटे।
सूचना मिलते ही भक्ति नगर थाना पुलिस टीम अर्धसैनिक बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक और घायल दोनों इस्लामपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हाल के महीनों में क्षेत्र में गाय चोरी की घटनाओं के चलते पहले से ही लोगों में आक्रोश था, जो इस हिंसक वारदात में बदल गया।