Summer express, हिसार। शहर में लंबे समय से सड़कों और सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVपी) की टीम ने पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेक्टर 16-17 में अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई को अंजाम दिया।
मकान नंबर 19 से शुरू हुआ यह अभियान शाम करीब 5 बजे तक चला, जिसमें 100 से अधिक अवैध निर्माणों को तोड़ दिया गया। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एचएसएएमबी के एसडीओ सुरेंद्र के नेतृत्व में की गई, जबकि HSVपी के अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम ने इसे सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।
टीम ने मकान नंबर 19 से लेकर 936 तक क्रमवार अतिक्रमण हटाए। इस दौरान सड़कों, मार्केट क्षेत्र और सरकारी भूमि पर बनी ग्रिल, दीवारें, खोखे, पशुओं के होद और अन्य अस्थायी व स्थायी ढांचों को हटाया गया।
सुबह से ही कार्रवाई की तैयारियां शुरू हो गई थीं, लेकिन पुलिस बल मिलने में देरी के चलते अभियान दोपहर बाद शुरू हो सका। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर हल्का विरोध भी देखने को मिला, लेकिन अधिकारियों और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य रही और अभियान बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी रहा।
जांच में सामने आया कि कई लोगों ने घरों के बाहर 5 से 10 फीट तक सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। लोहे की ग्रिल, दीवारें, रैंप और चबूतरे बनाकर सार्वजनिक स्थानों को निजी उपयोग में लिया जा रहा था, जिससे सड़कों की चौड़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
यह अभियान पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों और राज्य सरकार के आदेश के तहत चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, अगले सप्ताह भी शहर के अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।