Summer express, सुन्दर कुंडू, पलवल | शहर में एक कथित पुलिसकर्मी और उसके साथियों की दबंगई का मामला सामने आया है, जहां आइसक्रीम के पैसे मांगने पर एक गरीब युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी युवक को बंदूक की बट और लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित सोनू मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पलवल के नहर पार इलाके में रहकर साइकिल से गांव-गांव जाकर आइसक्रीम बेचता है। वह आइसक्रीम बेचकर लौट रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ रोड स्थित बसंतगढ़ शराब ठेका के पास एक ईको गाड़ी में सवार करीब आठ युवक उसके पास पहुंचे और सबसे महंगी आइसक्रीम की मांग की।
सोनू ने बताया कि उसने 40 रुपये वाली आठ आइसक्रीम उन्हें दे दी। जब उसने पैसे मांगे तो एक युवक, जिसके पास बंदूक थी, खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए भड़क गया और पैसे मांगने पर नाराजगी जताई। पीड़ित के अनुसार, उसने विनती की कि वह गरीब है और उसे पैसे दे दिए जाएं, लेकिन आरोपी और उग्र हो गए।
इसके बाद आरोपियों ने सोनू पर हमला कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कथित पुलिसकर्मी बंदूक की बट से उस पर वार कर रहा है, जबकि उसके साथी लात-घूंसों से मारपीट कर रहे हैं। हमले में सोनू बेहोश हो गया। मौके पर लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी फरार हो गए।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित और उसके साथी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।