Summer express, अंबाला। अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे के पास मोहड़ा फाटक के समीप एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक फॉर्च्यूनर कार को रोककर उसमें सवार परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सरेराह गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और अंदर बैठे बुजुर्ग, महिलाओं व बच्ची पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, यह हमला रंगदारी न देने के चलते किया गया। उनका आरोप है कि सोनीपत के एक गिरोह द्वारा उनसे पिछले तीन वर्षों में करीब 4 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं और अब 5 करोड़ रुपये की और मांग की जा रही है। इसी को लेकर यह जानलेवा हमला किया गया।
मामले में करनाल के माखुमाजरा निवासी रणधीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शाम अपनी पत्नी सुदेश रानी, पुत्रवधू शालिनी और पोती आस्था के साथ इस्माइलपुर गांव से लौट रहे थे। मोहड़ा फाटक बंद होने के कारण जब उन्होंने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, तभी एक स्कॉर्पियो और बाइक सवार 6-7 बदमाशों ने उनकी कार के आगे वाहन अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
जब परिवार ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए कार के दरवाजे अंदर से लॉक कर लिए, तो हमलावरों ने लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़ दिए और अंदर घुसकर हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के पांच सदस्य घायल हुए हैं।
रणधीर सिंह ने आरोप लगाया कि सोनीपत के नयावास निवासी रमेश पहलवान और उसके साले मोनू पिछले काफी समय से उन्हें धमकाकर पैसे वसूल रहे हैं। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर विक्रम, पागल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।