Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित शहीद स्मारक जल्द ही नए आकर्षण के रूप में पर्यटकों को लुभाता नजर आएगा। स्मारक परिसर में नौसेना के शिप और पनडुब्बी के मॉडल स्थापित किए जा रहे हैं। करीब दो वर्षों की लंबी प्रक्रिया के बाद दोनों मॉडल धर्मशाला पहुंच चुके हैं और इन्हें स्थापित करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। यह कार्य 9वीं कोर योल की 105 इंजीनियर रेजीमेंट के जवानों द्वारा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल से मॉडल स्थापित करने का काम लगातार जारी है। शहीद स्मारक में लगाए जा रहे शिप की ऊंचाई करीब सात फीट जबकि पनडुब्बी की ऊंचाई आठ फीट बताई जा रही है। दोनों मॉडलों का वजन लगभग दो-दो टन है। खास बात यह है कि इन मॉडलों को पानी में तैरता हुआ दिखाने के लिए विशेष व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे स्मारक की सुंदरता और अधिक बढ़ेगी।इन मॉडलों का विधिवत उद्घाटन 11 मई को किया जाएगा। इस अवसर पर नेवी के वाइस एडमिरल सहित 9वीं कोर योल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। शहीद स्मारक विकास समिति के ह्यूमन रिसोर्स, प्रोजेक्ट एवं मेंटेनेंस के उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर ऑनररी कैप्टन पीसी ठाकुर ने बताया कि शिप और पनडुब्बी को स्मारक तक पहुंचाने के लिए पिछले दो वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे। अब इनके स्थापित होने से स्मारक का आकर्षण बढ़ेगा और यह पर्यटकों के लिए विशेष केंद्र बनेगा।