Summer express, सातारा | महाराष्ट्र के सातारा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनका बेटा और बेटी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा फलटण तालुका के खामगांव गांव में सुबह करीब छह बजे हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार, घर के बाहर बिजली का एक तार जमीन पर पड़ा हुआ था। आशंका है कि परिवार का एक सदस्य सबसे पहले उस तार के संपर्क में आया और करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी एक-एक कर बिजली के करंट की चपेट में आ गए।
पुलिस के अनुसार, चारों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से बिजली का तार बरामद किया गया है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
मृतकों की पहचान सतीश उर्फ पिसुर्दया किसन शिंदे (45), उनकी पत्नी गंगू शिंदे (40), बेटे सचिन शिंदे (26) और बेटी आरती शिंदे (24) के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बिजली का तार जमीन पर कैसे आया और हादसे के पीछे कहीं लापरवाही तो जिम्मेदार नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।