Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला शहर स्थित नई सब्जी मंडी में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं को लेकर व्यापारियों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है। कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद जब समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बुधवार को हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल स्वयं मंडी पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान मंडी के व्यापारियों ने चेयरमैन के सामने सफाई व्यवस्था, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई परेशानियां रखीं। व्यापारियों का कहना था कि मंडी में लंबे समय से गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे कारोबार प्रभावित होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं। इसके अलावा मंडी में चोरी की घटनाओं में भी वृद्धि हुई है, जिससे व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मंडी प्रधान अमरनाथ ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मंडी के दोनों प्रवेश द्वारों पर सूचना बोर्ड लगाने, पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल ने कहा कि व्यापारियों की सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और मंडी में आवश्यक सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, हरियाणा सब्जी मंडी के प्रधान हरीश तमीज ने भी मंडी में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी और मंडी का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।