Summer express/चंबा/मंजूर पठान -:हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच हुई भारी बारिश से चंबा-तीसा मुख्य मार्ग सहित 15 से अधिक सड़कें भूस्खलन और मलबा आने के कारण बंद हो गईं। हालांकि, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंबा-तीसा मुख्य मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया है, जबकि अन्य बंद मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग मंडल तीसा को केवल एक दिन में करीब 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं, इस मानसून सीजन में अब तक विभाग को एक करोड़ रुपये से अधिक की क्षति पहुंच चुकी है। विभाग ने नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए विभाग ने अपनी चार जेसीबी मशीनों के अलावा 10 से अधिक निजी जेसीबी और अन्य मशीनरी भी मौके पर तैनात की है।
लोक निर्माण विभाग मंडल तीसा के अधिशासी अभियंता जोगिंदर कुमार ने बताया कि भारी बारिश के चलते चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात बाधित हो गया था। विभाग की टीमों ने लगातार राहत कार्य चलाकर मुख्य मार्ग को बहाल कर दिया है और अब वाहनों की आवाजाही सामान्य हो रही है।उन्होंने बताया कि अभी भी 15 से अधिक संपर्क मार्ग बंद हैं, जिन्हें जल्द से जल्द खोलने के प्रयास जारी हैं। विभाग की चार स्वयं की जेसीबी मशीनों के साथ 10 निजी जेसीबी मशीनों को भी राहत कार्य में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि केवल आज की बारिश से विभाग को 45 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, जबकि पूरे मानसून सीजन में यह आंकड़ा एक करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच चुका है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और सभी प्रभावित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।