Summer express/ऊना,राकेश-:कुटलैहड़ क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना का दौरा कर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में उपलब्ध उपचार सुविधाओं की जानकारी भी ली।दौरे के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत समूर कलां के पूर्व प्रधान ज्ञान चंद की माता से भी मुलाकात की, जो अस्वस्थ होने के चलते क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन हैं। विधायक ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।अस्पताल के निरीक्षण के दौरान एक मरीज को डॉक्टर के छुट्टी पर होने के कारण उचित उपचार और देखभाल नहीं मिलने की बात सामने आने पर विधायक विवेक शर्मा नाराज हो गए। उन्होंने मामले की जानकारी लेने के लिए संबंधित डॉक्टर से फोन पर बात की और मरीज के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई।
विधायक ने कहा कि डॉक्टर के अवकाश पर जाने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था और जिम्मेदारी तय होना जरूरी है, ताकि मरीजों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।विधायक ने अस्पताल में मरीज को बाहर से दवाइयां लिखे जाने के मामले पर भी अस्पताल प्रशासन और स्टाफ से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तो मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए क्यों कहा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां मरीजों को अस्पताल से ही उपलब्ध करवाई जाएं और उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।विवेक शर्मा ने अस्पताल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज के साथ संवेदनशीलता, सम्मान और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। मरीजों और तीमारदारों को इलाज के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक कर्मचारी को अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निभानी होगी, ताकि अस्पताल में आने वाले लोगों को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।