Summer express, महेंद्रगढ़। जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कुई की खुदाई कर रहे 45 वर्षीय वेल्डर की मिट्टी के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसा स्टेट हाईवे-148बी के पास स्थित एक घर में हुआ। अचानक मिट्टी धंसने से विजयपाल मलबे में पूरी तरह दब गए।
जानकारी के अनुसार, विजयपाल पेशे से वेल्डर थे और अपने घर में कुई की खुदाई का काम कर रहे थे। सुबह करीब 10 बजे खुदाई के दौरान अचानक भारी मात्रा में मिट्टी भरभराकर नीचे आ गई। देखते ही देखते विजयपाल मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से करीब दो घंटे तक लगातार अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद विजयपाल को मलबे से बाहर निकाला गया।
मलबे से बाहर निकालने के बाद विजयपाल की हालत गंभीर थी। उन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिवार और आसपास के लोगों में मातम छा गया।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और कुई की खुदाई के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी जुटाई जा रही है। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अस्पताल में रखा गया है।