Summer express, मुंबई। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में निवेश और वैश्विक कारोबारी संपर्क को बढ़ावा देने के लिए देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से ‘हैपनिंग हरियाणा 2.0’ अंतरराष्ट्रीय संपर्क एवं वैश्विक पूंजी अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में प्रवासी हरियाणवियों से संवाद किया। तीन दिवसीय निवेश अभियान के दौरान हरियाणा में 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते होने की संभावना जताई गई है।
कार्यक्रम में अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री मेघना मलिक भी शामिल हुए और मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुंबई में बसे हरियाणवी परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले हरियाणवी केवल प्रवासी नहीं हैं, बल्कि हरियाणा की विस्तारित शक्ति और प्रदेश की सकारात्मक पहचान के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने प्रवासी समाज से अपनी जन्मभूमि से जुड़े रहने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा और मुंबई का रिश्ता केवल जन्मभूमि और कर्मभूमि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कार, अवसर, मेहनत और विस्तार का भी रिश्ता है। हरियाणा ने लोगों को मेहनत, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में डटे रहने की सीख दी, जबकि मुंबई ने उनकी प्रतिभा को बड़े अवसरों में बदलने का मंच प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुंबई में बसे हरियाणवी दोनों प्रदेशों के बीच मजबूत और जीवंत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब केवल कृषि प्रधान राज्य नहीं रह गया है। प्रदेश में उद्योग, सेवा क्षेत्र, तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप, लॉजिस्टिक्स, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं। उन्होंने प्रवासी हरियाणवियों से इन क्षेत्रों में अपने अनुभव, विशेषज्ञता और कारोबारी संपर्कों का लाभ प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों तक पहुंचाने की अपील की।
सीएम सैनी ने कहा कि वह प्रवासी हरियाणवियों से केवल निवेश मांगने नहीं आए हैं, बल्कि विचार और भागीदारी भी चाहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, नए उद्यमों को सलाह, खिलाड़ियों को सहयोग, महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने और हरियाणा के उत्पादों को मुंबई तथा वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणवी जहां भी गए, अपनी मेहनत और कर्मठता के दम पर सफलता हासिल की। सरकार प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने के साथ बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित करने पर काम कर रही है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा की पहचान देश के साथ-साथ विदेशों में भी मजबूत हुई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग सहित बड़ी संख्या में प्रवासी हरियाणवी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।