Summer express, गुरशरण सिंह , मोहाली I आम आदमी पार्टी के आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बुधवार को अपनी ही पार्टी की पंजाब सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा ) में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जीमाडा भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।
कंग मोहाली के सैनी माजरा गांव में जीमाडा अधिकारियों द्वारा दुकानों के कथित तौर पर चुनिंदा तरीके से किए गए ध्वस्तीकरण पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों की ओर से उन्हें फोन कर इस कार्रवाई की जानकारी दी गई थी। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात की और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने आरोप लगाया कि जिन दुकानदारों से कथित तौर पर रिश्वत ली जाती है, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि रिश्वत नहीं देने वालों की दुकानों पर पीला पंजा चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये गरीब लोग हैं और छोटी दुकानों से अपना परिवार चलाते हैं। सभी अवैध कब्जों के खिलाफ समान कार्रवाई होनी चाहिए।
कंग ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में गमाडा के मुख्य प्रशासक संदीप ऋषि से भी बात की और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री से भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जरूरत पड़ने पर उनका तबादला करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गरीब दुकानदारों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो वह गुरुवार को जीमाडा अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
यह पहली बार नहीं है जब मलविंदर सिंह कंग ने अपनी ही पार्टी की सरकार या संगठन के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले भी वह बठिंडा में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और पंजाब में अवैध रेत खनन के मुद्दे पर सवाल उठा चुके हैं।
कंग ने कहा कि सरकार और प्रशासन को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए तथा आम लोगों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।