summer express ,फतेहगढ़ साहिब। गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद चंडीगढ़ लौट रहे बुजुर्ग दंपती की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सरहिंद-मोरिंडा रोड पर गांव आलमपुर के पास हुआ। मृतकों की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर-41बी निवासी धर्मवीर सिंह (70) और उनकी पत्नी शशि बाला (69) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार धर्मवीर सिंह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर सवार होकर गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक होने आए थे। धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के बाद दोनों स्कूटी से चंडीगढ़ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव आलमपुर के नजदीक सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना बस्सी पठाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
थाना बस्सी पठाना के सहायक थानेदार हरपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक की पहचान दलजीत सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह थी या नहीं।