सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
पंजाब सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर किसानों ने एक सितंबर से सात सितंबर तक मोहाली में बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। आंदोलन के दौरान जगतपुरा के पास चंडीगढ़ बॉर्डर पर किसानों की ओर से सड़क अवरुद्ध किए जाने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
करीब 1600 पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की जाएगी। आंदोलन को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से लगातार बैठकें की जा रही हैं। एक्शन प्लान को अंतिम रूप देने के लिए डीजीपी कार्यालय के साथ भी बैठकें हो चुकी हैं। इनमें मोहाली के एसएसपी, एसपी स्तर के अधिकारियों समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा-व्यवस्था के लिए तीन ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाए।
{चंडीगढ़ बॉर्डर से आईआईएसईआर-डीटी मॉल तक रास्ता रहेगा बंद
किसानों के धरने के कारण जगतपुरा के पास चंडीगढ़ बॉर्डर से आईआईएसईआर-डीटी मॉल की तरफ जाने वाली सड़क पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड की ओर जाने वाले फेज-11 रोड तक भी यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। प्रशासन ने बड़े स्तर पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। एयरपोर्ट रोड का एक हिस्सा भी बंद रहेगा। इस दौरान एयरपोर्ट रोड के सिंगल वे हिस्से पर दोनों तरफ का यातायात चलाने की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि, अधिकारियों को आशंका है कि इस व्यवस्था के कारण एयरपोर्ट रोड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रैफिक दबाव बन सकता है।
{एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों को होगी परेशानी: आंदोलन के दौरान शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मोहाली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरी न होने पर एयरपोर्ट रोड की तरफ जाने से बचें। लोगों को मोहाली के वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि आंदोलन के दौरान यातायात को सुचारु रखने के लिए मौके पर ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। स्थिति के अनुसार रूट डायवर्जन में बदलाव भी किया जा सकता है।
{लग सकता है लंबा जाम: किसानों के आंदोलन के चलते एयरपोर्ट रोड पर सात दिनों तक भारी ट्रैफिक दबाव रहने की आशंका है। एक हिस्से के बंद रहने और सिंगल वे पर दो तरफा यातायात चलने से पीक आवर्स में जाम की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने एयरपोर्ट और मोहाली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से समय से पहले घर से निकलने व वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।