अमृतसर| श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश पर्व शनिवार को श्री हरमंदिर साहिब में श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पर्व को लेकर स्वर्ण मंदिर को विदेशों से मंगाए गए फूलों से सजाया गया है। थाईलैंड, मलेशिया, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया से फूल मंगवाए गए हैं।
60 टन फूलों से सजावट: सजावट के काम में करीब 100 कारीगर दिन-रात जुटे हैं। परिसर को सजाने के लिए 60 टन से अधिक फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन्हें 10 ट्रकों के जरिए अमृतसर पहुंचाया गया है। गुरु अर्जुन देव जी ने 1604 में दरबार साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश किया था। तब से प्रकाश पर्व हर साल श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।