Summer express/ऊना, राकेश -:हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को ऊना से चिट्टे और नशे के खिलाफ विशेष मुहिम का आगाज करने जा रहे हैं। इसी कड़ी में ऊना में मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन के जरिए लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। वहीं, इस आयोजन को लेकर भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर निशाना साधा है।सतपाल सत्ती ने कहा कि भाजपा समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ हमेशा खड़ी रही है और चिट्टे के खिलाफ शुरू की जा रही इस मुहिम का पार्टी समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि लड़ाई सिर्फ चिट्टे के खिलाफ नहीं, बल्कि नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी है और इसके लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
सत्ती ने कहा कि चिट्टे की वजह से प्रदेश में कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में अभियान की शुरुआत अच्छी पहल है, लेकिन मुख्यमंत्री को यह भी देखना चाहिए कि अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहे लोग ईमानदारी और सही तरीके से अपना काम कर रहे हैं या नहीं।उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत के साथ-साथ अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की कार्यप्रणाली पर भी नजर रखनी जरूरी है। सिर्फ अभियान चलाने से नशे की समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई और ईमानदार प्रयास करने होंगे।भाजपा विधायक ने मैराथन में स्कूली बच्चों की भागीदारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सेल्फ हेल्प ग्रुप, जिला परिषद, ग्राम पंचायतों और गांवों के अन्य लोगों को अभियान से जोड़ा जाता तो इसका संदेश और व्यापक स्तर तक पहुंचता। उन्होंने बारिश की स्थिति में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई।सत्ती ने मैराथन के चलते प्रशासन की ओर से किए गए रूट डायवर्जन को लेकर भी आम जनता की परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नशे के खिलाफ इस मुहिम के समर्थन में है, लेकिन आयोजन की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।उन्होंने प्रशासन से जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रूट प्लान तैयार करने की मांग की, ताकि नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी प्रभावी ढंग से पहुंचे और आम जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।