देवेंद्र जग्गी ने सुधीर शर्मा की मानसिक स्थिति पर उठाए सवाल, बोले- धर्मशाला के लोगों से मांगें विधायक माफी
भाजपा नेता शुभम सूद का पलटवार- सुधीर शर्मा धर्मशाला की बुलंद आवाज, जग्गी पहले अपनी संपत्ति का दें हिसाब
Summer express/धर्मशाला,राहुल-: धर्मशाला की राजनीति में विधायक सुधीर शर्मा के मकान और शिमला स्थित सरकारी कार्यालय के निर्माण खर्च को लेकर एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। पूर्व मेयर एवं कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर पलटवार किया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर सवाल उठाए गए और विकास से जुड़े कई मुद्दों को भी बहस के केंद्र में लाया गया।
कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने विधायक सुधीर शर्मा के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार चल रही जांचों के कारण विधायक परेशान हैं और इसी वजह से वह अलग-अलग मुद्दों पर बयान दे रहे हैं। जग्गी ने शिमला में बनाए गए सरकारी कार्यालय को लेकर कहा कि यह कार्यालय सरकारी कार्यों के संचालन और आम जनता की सुविधा के लिए बनाया गया है। उनके अनुसार, इस कार्यालय के निर्माण पर अब तक करीब 20 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।जग्गी ने विधायक के मकान से जुड़े करीब 50 करोड़ रुपये के आंकड़े का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि यह आंकड़ा विधायक के मन में बैठ गया है और इसी कारण शिमला में बने कार्यालय की लागत को भी 50 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। उन्होंने सुधीर शर्मा से तथ्यों की सही जानकारी रखने की बात कही।
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास से जुड़े कई बड़े विषय हैं, जिन पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल को मिलने वाले संभावित राजस्व, वाइल्डफ्लावर होटल से होने वाली आय और प्रदेश में संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को इन विषयों पर भी जनता के सामने अपनी बात रखनी चाहिए।जग्गी ने सुधीर शर्मा के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2012 में धर्मशाला कांग्रेस ने उन्हें स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने कहा कि विधायक को दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में जाकर माफी मांगने के बजाय धर्मशाला की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा ने संभाला मोर्चा
देवेंद्र जग्गी के बयान के बाद ग्रामीण भाजपा मंडल धर्मशाला के महामंत्री शुभम सूद ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर पलटवार किया। सूद ने कहा कि भाजपा के पदाधिकारी विधायक सुधीर शर्मा के समर्थन में एकजुट हैं और धर्मशाला से जुड़े जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा।शुभम सूद ने कांग्रेस नेताओं पर अनाप-शनाप बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनावों में कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है और इसी कारण उसके नेता सुधीर शर्मा को निशाना बना रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि धर्मशाला में विकास से जुड़े जिन मुद्दों पर जनता जवाब चाहती है, उन्हें लेकर सरकार से सवाल किए जाएंगे।