summer express , सुन्दर कुंडू ,पलवल। होडल थाना क्षेत्र में एवीटी हथीन और कथित गोतस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भागने में सफल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में लूट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में करीब आठ मामले दर्ज हैं।
डीएसपी नरेंद्र खटाना ने बताया कि एवीटी हथीन प्रभारी तेजपाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि आसिफ, गुलाब और काला पुन्हाना रोड पर बिना नंबर की बाइक पर बैठे हैं और गोतस्करी व अवैध हथियारों से जुड़े मामले में वांछित हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही आरोपियों ने आत्मसमर्पण की चेतावनी को नजरअंदाज कर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा और आरोपियों को काबू करने के लिए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली आसिफ के पैर में लगी और वह मौके पर गिर गया। उसे पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया, जबकि उसके साथी उत्तर प्रदेश के टप्पल निवासी गुलाब और बुलंदशहर निवासी काला अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भाग गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अरनिया निवासी आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक कट्टा, एक खाली खोल, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के खेतों में अभियान चलाया और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आसिफ के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के करीब आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस अब मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग, आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि और गोतस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।