चंडीगढ़ | राखी से पहले पंजाब सरकार ने स्कूल अध्यापकों को बड़ी सौगात दी है। स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जानकारी दी कि राज्य के 814 मास्टर काडर अध्यापकों को लैक्चरर पद पर प्रमोट किया गया है। यह फैसला उनके वर्षों के अनुभव, निष्ठा और विद्यार्थियों के समग्र विकास में योगदान को देखते हुए लिया गया है।
इनमें पंजाबी विषय के 360, राजनीति शास्त्र के 271, अंग्रेजी के 135, कॉमर्स के 40, संस्कृत के 2, फाइन आर्ट्स का 1, होम साइंस के 3 और समाजशास्त्र के 2 अध्यापक शामिल हैं।
तरक्की पाने वाले सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए मंत्री बैंस ने कहा कि यह कदम उन्हें विद्यार्थियों के बौद्धिक और नैतिक विकास के लिए और अधिक प्रेरित करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि ये शिक्षक अपने अनुभव और समर्पण से युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
बैंस ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार एक ऐसा शैक्षणिक माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां विद्यार्थियों की सफलता और शिक्षकों के पेशेवर विकास—दोनों को प्राथमिकता मिले।