Shimla, Sanju-:वेतन न मिलने से नाराज़ हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) के चालक और परिचालक लगातार दूसरे दिन सड़क पर उतर आए। पुराना बस अड्डा स्थित निगम मुख्यालय के बाहर सोमवार को HRTC चालक-परिचालक यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर 24 दिसंबर तक उनका वेतन और लंबित वित्तीय लाभ जारी नहीं किए गए, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और बसों का संचालन बंद कर देंगे।
यूनियन अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार HRTC को बंद करना चाहती है तो कर दे, लेकिन कर्मचारियों का हक का पैसा तुरंत दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम की कार्यशालाओं में न तो कलपुर्जे उपलब्ध हैं और न ही पर्याप्त मैकेनिक। इसके बावजूद प्रबंधन खराब बसों को रूटों पर चलाने का दबाव बना रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि कई बार रूट पर बसें खराब होने पर जनता चालक और परिचालकों के साथ दुर्व्यवहार तक कर रही है।ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि HRTC घाटे में नहीं है, बल्कि गलत नीतियों और लापरवाह प्रबंधन के कारण स्थिति बिगड़ी है। यूनियन ने स्पष्ट कहा कि अब धैर्य की सीमा खत्म हो चुकी है, और अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो राज्यभर में परिवहन सेवाएं ठप कर दी जाएंगी।
मानसिंह ठाकुर, अध्यक्ष, HRTC चालक-परिचालक यूनियन
“अगर सरकार ने हमारी मांगें नहीं मानीं तो 24 दिसंबर के बाद बसें खड़ी कर दी जाएंगी। हमें हमारा हक चाहिए, भीख नहीं।”