समर एक्सप्रेस /मंडी, धर्मवीर – : मंडी जिला के धनोटू में बने लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह के उद्घाटन के बाद सियासत गरमा गई है। नाचन से भाजपा विधायक विनोद कुमार का कहना कि बीते रोज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आधे-अधूरे विश्रामगृह का उद्घाटन करके चले गए। आरोप है कि जिस विश्रामगृह का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया है, उससे कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। धनोटू स्थित विश्राम गृह का निरीक्षण करने के उपरांत विधायक ने यह आरोप जड़े हैं । इस दौरान उन्होंने कहा कि विश्रामगृह के अंदर न तो बेड उपलब्ध हैं, न कुर्सियां रखी गई हैं और न ही यहां खाना बनाने के लिए किसी कुक की तैनाटी की गई है।
अगला आरोप लगाते हुए कहा कि अभी तक इस भवन को बिजली का स्थायी कनेक्शन भी नहीं मिल पाया है। विनोद कुमार ने कहा कि पूर्व की जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में इस विश्रामगृह के निर्माण के लिए लगभग 2 करोड़ 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इतने बड़े बजट से बने भवन का उद्घाटन बिना आवश्यक व्यवस्थाओं के कर देना सरकार की जल्दबाजी और दिखावे की राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी विश्रामगृह का उद्घाटन करने से पहले लोक निर्माण विभाग को वहां सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए थीं, ताकि लोगों और अधिकारियों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा लगता है कि केवल उद्घाटन कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की गई है। वहीं विधायक ने कहा कि विश्रामगृह के कमरों में कांग्रेस पार्टी के पोस्टर और झंडे रखे गए हैं, जिससे यह विश्रामगृह कम और कांग्रेस पार्टी का कार्यालय ज्यादा दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को सरकारी भवन को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखना चाहिए था। विनोद कुमार ने कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। आधे-अधूरे भवन का उद्घाटन करना मुख्यमंत्री जैसे बड़े पद को शोभा नहीं देता। उन्होंने मांग की कि विश्रामगृह में जल्द से जल्द सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यह वास्तव में जनता और अधिकारियों के उपयोग में आ सके। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्थाएं नहीं सुधारी गयी तो इस मुद्दे को और जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
बता दें कि बीते कल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू मंडी जिला के दौरे पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने बल्ह के दियारगी से लगभग 60 करोड़ रूपये की लागत से 14 योजनाओं के उदघाटन और शिलान्यास भी किए। जिनमें धनोटू स्थित लोक निर्माण विभाग का यह विश्रामगृह भी शामिल है।