Summer Express, अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले में एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए पारंपरिक घोड़ी या लग्जरी कार की बजाय हेलीकॉप्टर से बारात लेकर पहुंचा। जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव में उतरा, उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और इस अनोखी बारात को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
दूल्हे के पिता ने बताया कि उनके बेटे गुरसेवक के जन्म के समय डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उम्मीद छोड़ दी थी। उस समय उन्होंने श्री गुरु हरकृष्ण साहिब के आगे अरदास की थी कि यदि उनका बेटा स्वस्थ हो जाएगा तो उसकी शादी के अवसर पर बारात ले जाते समय और दुल्हन की डोली लेकर लौटते वक्त फूलों की वर्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बेटे के स्वस्थ होने के बाद परिवार ने अपनी मन्नत पूरी की। जब बारात अंबाला में श्री पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा पहुंची तो वहां फूलों की वर्षा की गई। वहीं, दुल्हन की डोली लेकर लौटते समय भी फूल बरसाए गए और इसके बाद दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से नीचे उतरे।
इस अनोखी शादी को देखने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हेलीकॉप्टर से आई बारात और फूलों की वर्षा ने इस शादी को यादगार बना दिया।