Summer express, लुधियाना | लुधियाना के माता रानी चौक के पास मीना बाजार चौक पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना के दौरान चौक के बीच बन रही एक स्टेज से टकराने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें हादसे का भयावह मंजर साफ दिखाई दे रहा है।
मृतक की पहचान आकाश (25) के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी मीना बाजार चौक के बीचों-बीच चल रहे स्टेज निर्माण कार्य से टकरा गया। स्टेज में लोहे के भारी पाइप लगे हुए थे, जिनसे जोरदार टक्कर के बाद युवक बुरी तरह घायल हो गया।
CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि करीब साढ़े पांच फीट ऊंची स्टेज का निर्माण कार्य चल रहा था और मौके पर कुछ मजदूर मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक स्टेज के ढांचे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी बलदेव सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में था, जिसके कारण वह सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य को देख नहीं पाया और हादसे का शिकार हो गया।
परिवार के अनुसार, आकाश के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी मौत के बाद घर में मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिसके चलते पुलिस बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।