Summer express, भिवानी। भिवानी के सर्कूलर रोड स्थित हनुमान गेट के पास हुए सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। कार और ई-रिक्शा के बीच हुई जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान पतराम गेट निवासी 40 वर्षीय निशा के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां थी। हादसा देर शाम दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर सर्कूलर रोड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि निशा किसी काम से ई-रिक्शा में सवार होकर घर से निकली थी। इसी दौरान हनुमान गेट के समीप एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और निशा के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जैन पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच अधिकारी एचसी उधम सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
महिला की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग उठाई है।